सहारनपुर सॉस के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई…

सहारनपुर सॉस के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई…
सॉस के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 नमूने लिए; सैकड़ों बोतलें सीज।
ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़गांव और बेहट अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने फास्ट फूड एवं सॉस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल पांच सॉस के नमूने जांच के लिए लिए, जबकि बड़ी मात्रा में सॉस की बोतलें और पेटियां सीज की गईं। जिलाधिकारी के आदेश, सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. चमन लाल के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले बड़गांव के महाराणा प्रताप चौक स्थित सुनील फास्ट फूड कॉर्नर का निरीक्षण किया। यहां से वेजिटेबल सॉस और चिली सॉस के नमूने लिए गए। साथ ही 37 बोतल वेजिटेबल सॉस और 34 बोतल चिली सॉस सीज की गईं। इसके बाद टीम ने बेहट अड्डे के पास राकेश कपूर की दुकान पर छापेमारी की। यहां से वेज सोया सॉस, ग्रीन चिली सॉस समेत तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। मौके पर 1224 बोतल वेजिटेबल सोया सॉस, 36 बोतल ग्रीन चिली सॉस और 60 गत्तों में रखी 540 बोतल सोया सॉस सीज की गई। विभाग के मुताबिक सभी पांच नमूने खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन पाल, जगदंबा प्रसाद और बिपिन कुमार शामिल रहे।



