बिजली कटौती से भड़का किसानों का आक्रोश, बेहजम पावर हाउस का घेराव

बिजली कटौती से भड़का किसानों का आक्रोश, बेहजम पावर हाउस का घेराव
जर्जर तार और 11 हजार वोल्ट की लाइनों से हादसे का खतरा, आठ दिन में समाधान का अल्टीमेटम
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी। क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, जर्जर विद्युत लाइनों और बार-बार हो रहे फाल्ट से परेशान किसानों ने गुरुवार को बेहजम पावर हाउस का घेराव कर विरोध जताया। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों एवं किसानों ने क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन और युवा जिलाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने अमघट, गोरिया, भूलनपुर, खिरिया अलीपुर, कैम, लालनपुर, पैला, नीमगांव समेत कई गांवों की समस्याएं उठाईं। किसानों का कहना था कि कई स्थानों पर विद्युत तार जर्जर और ढीले हैं। वहीं 11 हजार वोल्ट की लाइनें आबादी और खेतों के आसपास से गुजर रही हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
किसानों ने बताया कि बरसात के मौसम में फाल्ट की समस्या और बढ़ जाती है। बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के कृषि कार्य और सिंचाई भी प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में जर्जर तारों को बदलने, 11 हजार वोल्ट की लाइनों को सुरक्षित कराने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
किसानों ने विभाग से विद्युत लाइनों का स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। घेराव के दौरान अधिशासी अभियंता रामपाल यादव ने किसानों की समस्याएं सुनीं और ज्ञापन प्राप्त किया। किसानों के अनुसार अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आठ दिन का समय दिया है।
आठ दिन में समाधान नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन
जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन ने कहा कि यदि आठ दिन के भीतर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगी। युवा जिलाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि विद्युत व्यवस्था में धरातल पर सुधार चाहिए।
इस दौरान रवी तिवारी, सुधीर वर्मा, शाहिद, अंगद, अनुराग मिश्रा, तहसील अध्यक्ष गोला मोहम्मद उस्मान, विधानसभा अध्यक्ष गोला संजीव सिंह, जिला संगठन मंत्री राजेश शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष चांद मोहम्मद, तहसील उपाध्यक्ष शमशाद अली अंसारी, ग्राम अध्यक्ष इसरार अली मंसूरी, नैमिष मिश्रा समेत बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।



