अहमदनगर में जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

अहमदनगर में जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
विधायक अमन अरविन्द गिरि ने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। विधानसभा गोला क्षेत्र की ग्राम पंचायत अहमदनगर में विपणन विकास सहायता एससीएसपी योजनांतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमन अरविन्द गिरि शामिल हुए। शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को आवेदन फार्म भी वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमन अरविन्द गिरि ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं अनुसूचित जाति के परिवारों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से संसाधन और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनकी कार्य एवं जीवन स्थितियों में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने ग्रामीणों को माटी कला टूल किट वितरण योजना, मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना, माटी कला कौशल विकास योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र लोग आगे बढ़कर इन योजनाओं का लाभ लें और सरकार की योजनाओं को अपनी आय एवं रोजगार का माध्यम बनाएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा हो रही हो तो वह सीधे उन्हें इसकी जानकारी दे। समस्या के समाधान के लिए वह हरसंभव सहयोग करेंगे।
शिविर के दौरान विधायक ने उपस्थित सम्मानित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर विभिन्न स्थानीय विषयों पर सकारात्मक चर्चा भी की।
इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल महामंत्री मुनेंद्र पाल सिंह, जिला कार्यसमिति सदस्य महिपाल सिंह, प्रधान मुकेश गुप्ता, प्रधान राजेश, प्रधान गौरव वर्मा, बीडीसी मोरध्वज, पूर्व प्रधानाचार्य रमाशंकर कटियार, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश कटियार, प्रशांत शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



