#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

17 सितंबर से 31 दिवसीय सेवा पर्व, तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

17 सितंबर से 31 दिवसीय सेवा पर्व, तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

12 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए जिले में पहुंचेगा सेवा का संदेश

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में 31 दिवसीय सेवा पर्व आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन सीडीओ अभिषेक कुमार ने किया।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम की कार्ययोजना पहले से तैयार कर आयोजन स्थल, लाभार्थियों की सहभागिता, प्रचार-प्रसार और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को रूटीन कार्यक्रम न मानते हुए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ आयोजित किया जाए। अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में 12 प्रमुख कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से आयोजित होंगे। 17 सितंबर को सेवा दिवस पर शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ अभियान की शुरुआत होगी। विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं ‘सेवा की कहानी’ अभियान में लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को 60 सेकंड की रील्स के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंडों और नगरीय निकायों में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आवेदन, पात्रता सत्यापन और दिव्यांग कल्याण से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा सेवा ज्योति कलश यात्रा, श्रमदान, रंगोली, इनोवेशन चैलेंज, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेजर शो, महायज्ञ और ग्राम चौपाल सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों के ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के श्रेष्ठ प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button