राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चिकित्सकों की जिला स्तरीय कार्यशाला

राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चिकित्सकों की जिला स्तरीय कार्यशाला
एचआईवी-एसटीआई की स्क्रीनिंग, परामर्श व परीक्षण सेवाओं सहित सिफलिस प्रबंधन पर हुई चर्चा
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य अधिकारियों एवं चिकित्सा अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला का उद्देश्य जिले में एचआईवी/एड्स नियंत्रण सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य अधिकारियों की कार्यक्षमता को मजबूत करना रहा।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन, उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से किया गया। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने एचआईवी/एड्स नियंत्रण के तकनीकी एवं कानूनी पहलुओं पर अधिकारियों को जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान एचआईवी एवं एसटीआई की स्क्रीनिंग, परामर्श और परीक्षण सेवाएं, सिफलिस प्रबंधन, मदर-टू-चाइल्ड ट्रांसमिशन की रोकथाम, एआरटी सेवाएं, टीबी-एचआईवी सह-संक्रमण, वायरल लोड मॉनिटरिंग तथा हाई रिस्क ग्रुप्स के लिए लक्षित हस्तक्षेपों पर विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों को HIV & AIDS (Prevention and Control) Act, 2017 के कानूनी प्रावधानों तथा एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव रोकने के अधिकार-आधारित दृष्टिकोण की जानकारी भी दी गई। केस स्टडी और समूह चर्चा के माध्यम से क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों के समाधान पर मंथन किया गया।
कार्यशाला में एसीएमओ डॉ. रवि मोहन गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा, जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार रावत, डिप्टी डीटीओ डॉ. नवीन गुप्ता, डीपीएम अनिल यादव, अनुदीप वर्मा, रंजीत वर्मा सहित विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय के चिकित्सक मौजूद रहे।



