#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित तमोलियन पहुंचे सीएमओ, गर्भवती महिलाओं का जाना हाल

ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित तमोलियन पहुंचे सीएमओ, गर्भवती महिलाओं का जाना हाल

हेल्थ कैंप का निरीक्षण कर स्वास्थ्यकर्मियों को दिए जरूरी निर्देश, प्रसव का समय पूरा होने पर महिला को सीएचसी में भर्ती होने की सलाह

ब्यूरो रिपोर्ट—तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता सोमवार को निघासन तहसील के तमोलियन पुरवा गांव पहुंचे। गांव तक पहुंचने के रास्ते में अधिक जलभराव होने के कारण सीएमओ को ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ा। गांव पहुंचकर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए हेल्थ कैंप का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

हेल्थ कैंप में करीब 30 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका था। इनमें बुखार, उल्टी-दस्त और त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीज शामिल रहे। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों की जांच के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने और बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने गांव में चिन्हित गर्भवती महिलाओं से भी मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति और प्रसव की संभावित तारीख की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार चिन्हित गर्भवती महिलाओं से बातचीत के दौरान एक महिला का प्रसव समय पूरा होने की जानकारी मिली। इस पर सीएमओ ने महिला को तत्काल सीएचसी निघासन में भर्ती होने की सलाह दी।

सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देश दिए कि गर्भवती महिला को सुरक्षित एवं समय से सीएचसी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाढ़ की परिस्थितियों में किसी तरह की परेशानी न हो।

सीएमओ ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य टीमें लगातार प्रभावित गांवों में कैंप लगाकर मरीजों की जांच, उपचार और आवश्यक दवाओं का वितरण कर रही हैं।

निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुलदीप कुमार और तहसीलदार रविंद्र मणि समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button