भीषण सड़क हादसा, वरना कार में लगी आग, 3 की मौत

भीषण सड़क हादसा, वरना कार में लगी आग, 3 की मौत
लखीमपुर से सीतापुर जा रही तेज रफ्तार कार ट्रांसफार्मर से टकराई, पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर से सीतापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार वरना कार सोमवार देर रात करीब 2 बजे ओयल चौकी के पास बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। जलती कार में फंसे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही ओयल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव में जुट गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार के शीशे तोड़कर उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसके बाद कार में सवार सभी लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बना रहा।
रात के समय हुए इस भीषण हादसे से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जलती कार के बीच लोगों द्वारा किए गए बचाव प्रयासों ने हादसे की गंभीरता को और बढ़ा दिया। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।



