छपरा पर गिरा सेमल का विशाल पेड़, चाय बना रही लड़की घायल, ग्रामीणों ने छप्पर फाड़कर बचाई जान

छपरा पर गिरा सेमल का विशाल पेड़, चाय बना रही लड़की घायल, ग्रामीणों ने छप्पर फाड़कर बचाई जान
पीलीभीत -पूरनपुर विकास खंड के ग्राम नवदियां मूंजपता में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव में एक छपरे पर अचानक सेमल का विशाल पेड़ गिर गया। उस समय छपरे के अंदर एक लड़की चाय बना रही थी।
पेड़ गिरते ही पूरा छपरा धराशायी हो गया और लड़की मलबे में दब गई। पेड़ की टहनियों से उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और सभी ने मिलकर छप्पर फाड़कर बड़ी मशक्कत के बाद लड़की को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त लड़की छपरे के कोने में थी, वरना पेड़ सीधे ऊपर गिरने से जान भी जा सकती थी। परिजनों ने घायल लड़की को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाया। इस हादसे में गरीब परिवार का छपरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखा सामान भी दबकर खराब हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि गांव में खड़े जर्जर और खतरनाक पेड़ों को जल्द हटवाया जाए और पीड़ित परिवार को घर के नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।



