बाढ़ के पानी में उतर पड़े डीएम, पैंट चढ़ाई और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सुनी पीड़ा

बाढ़ के पानी में उतर पड़े डीएम, पैंट चढ़ाई और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सुनी पीड़ा
ट्रैक्टर से रण्डौहा पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह, पानी में उतरकर जाना ग्रामीणों का हाल, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 06 सितंबर। रविवार को तहसील निघासन के ग्राम ग्रंट नंबर-12 के मजरा रण्डौहा में प्रशासनिक संवेदनशीलता और तत्परता का नजारा देखने को मिला। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों का हाल जानने पहुंचे जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ट्रैक्टर से गांव तक पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए रास्ते में भरे बाढ़ के पानी की परवाह किए बिना पैंट ऊपर चढ़ाई और खुद पानी में उतरकर ग्रामीणों के बीच पहुंच गए। डीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियां सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पानी में उतरकर जाना ग्रामीणों का हाल
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने ग्रामीणों से उनके कुशलक्षेम के साथ आवागमन, घरों में पानी भरने और बाढ़ से उत्पन्न अन्य समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों से भी बातचीत की और उनकी स्थिति जानी। डीएम को अपने बीच पाकर ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने और जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने को कहा।
तत्काल राहत के साथ स्थायी समाधान पर जोर
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर भूमि की तलाश की जाए। उन्होंने भूमि चिह्नित कर वहां आवास निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
कोई पात्र प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र प्रभावित व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए।
सरकार और प्रशासन आपके साथ खड़ा है
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शासन और प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, राहत और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करना है।
बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील
वापसी के दौरान डीएम ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष फोकस करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है, इसलिए अभिभावक बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें।
इस दौरान एसडीएम यदुवीर सिंह, तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी, बीडीओ जयेश कुमार सिंह, पूर्ति निरीक्षक, राजस्व अधिकारी एवं अन्य संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।



