#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

गोला की माटी का लाल, सदैव रहेगा याद

गोला की माटी का लाल, सदैव रहेगा याद

स्व. अरविंद गिरि की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि सभा के साथ रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी–  गोला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं जनप्रिय नेता स्वर्गीय अरविंद गिरि की पुण्यतिथि पर रविवार को नगर स्थित स्वर्गीय राजेंद्र गिरि मैरिज लॉन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। अपने प्रिय जननेता की स्मृतियों को नमन करने के लिए नगर और क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धांजलि सभा में माहौल भावुक रहा। लोगों ने स्व. अरविंद गिरि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्व. अरविंद गिरि के सरल-सहज व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का प्रयास किया। बुजुर्गों के प्रति सम्मान, युवाओं के प्रति उनका स्नेह और क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी सक्रियता आज भी लोगों की स्मृतियों में जीवंत है।

पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। समर्थकों, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और मानव सेवा के माध्यम से अपने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में बुजुर्गों, माताओं-बहनों समेत अन्य लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में विधायक अमन अरविंद गिरि सपरिवार मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पालिकाध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी, समर्थक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भीड़ ने यह संदेश दिया कि स्वर्गीय अरविंद गिरि भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, उनकी जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्य उन्हें लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रखेंगे। गोला की माटी के इस लाल की स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

Related Articles

Back to top button