माँ की स्मृति को बनाया अमर, शिक्षक दिवस पर मुक्तिधाम में विराजे ध्यानमग्न महादेव

माँ की स्मृति को बनाया अमर, शिक्षक दिवस पर मुक्तिधाम में विराजे ध्यानमग्न महादेव
शिक्षक दिवस पर स्मृतिशेष माता कुसुम शुक्ला को श्रद्धांजलि, पिता रामसेवक शुक्ला ने किया ध्यानमग्न शिव प्रतिमा का अनावरण
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी– मां केवल जन्म ही नहीं देतीं, बल्कि जीवन के संस्कारों की पहली पाठशाला भी होती हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर इसी भाव को आत्मसात करते हुए नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ के अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने अपनी स्मृतिशेष माता पूजनीय कुसुम शुक्ला की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए मुक्तिधाम परिसर में देवाधिदेव महादेव की ध्यानमग्न प्रतिमा स्थापित कराई।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में भगवान शिव की ध्यानमग्न प्रतिमा का अनावरण पालिकाध्यक्ष के पूजनीय पिता एवं पूर्व सभासद रामसेवक शुक्ला ने विधिवत किया। प्रतिमा के अनावरण के दौरान वातावरण भावुक हो उठा। उपस्थित लोगों ने स्मृतिशेष कुसुम शुक्ला को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।
मां होती हैं जीवन की पहली शिक्षक
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने भावुक होते हुए कहा कि मनुष्य की प्रथम शिक्षक उसकी मां होती है। मां से ही उसे जीवन के संस्कार, अनुशासन और सही राह पर चलने की सीख मिलती है। शिक्षक दिवस के अवसर पर अपनी स्मृतिशेष माता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कराना उनके लिए अत्यंत भावुक और आत्मिक क्षण है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता की स्मृतियां कभी समाप्त नहीं होतीं। उनके दिए संस्कार और आशीर्वाद जीवनभर हमारा मार्गदर्शन करते हैं। मुक्तिधाम में स्थापित यह ध्यानमग्न शिव प्रतिमा उनकी माता की पावन स्मृति को सदैव जीवंत रखने के साथ ही यहां आने वाले लोगों को शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संदेश देगी।
आकर्षण का केंद्र बनी ध्यानमग्न शिव प्रतिमा
मुक्तिधाम परिसर में स्थापित भगवान शिव की ध्यानमग्न प्रतिमा श्रद्धालुओं और नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। प्रतिमा के अनावरण के दौरान लोगों ने भगवान शिव का स्मरण करते हुए दिवंगत कुसुम शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मां की स्मृति में धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप की स्थापना उनकी स्मृतियों को लंबे समय तक जीवंत रखने का सुंदर प्रयास है।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी **मुकेश कुमार मिश्रा**, पूर्व सभासद **रामसेवक शुक्ला**, पूर्व सभासद इंजीनियर **अजय शुक्ला**, **अमित शुक्ला पिंटू**, गांधी स्मारक विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य **विश्वनाथ सिंह**, पूर्व सैनिक के.जी. त्रिवेदी राजेश्वर सिंह, मिथिलेश अवस्थी, जगदेव सिंह, अकरम खान, रामहरि मिश्रा, अजयभान अवस्थी, समाजसेवी पंकज बाजपेयी, दीपक मिश्रा, चित्रकार राजेंद्र सोनी, मनोज मिश्रा, सभासद धर्मेंद्र वाल्मीकि, रियाजुद्दीन, साहिद अंसारी, रज्जन खान, आशीष अवस्थी, सुरेश जायसवाल, राजेश वर्मा, धर्मेंद्र तिवारी टीटू, नानक चंद्र वर्मा, आनंद सोनी, हरिओम वर्मा, रामचंद्र राठौर, गीता विश्वकर्मा, पूर्व सभासद अशोक सक्सेना, साहित्यकार श्रीकांत तिवारी, भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, पूर्व नगर अध्यक्ष दीपेंद्र गुप्ता, नगर महामंत्री धीरज बाजपेयी, राजेश राठौर, नगर उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा, पूर्व मीडिया प्रभारी विजय मिश्रा, विधानसभा आईटी संयोजक सुमित सक्सेना, बार संघ महामंत्री संदीप अवस्थी, काके सहगल, राहुल शुक्ला, विनोद मिश्रा, समाजसेवी रविसुत शुक्ला, लायंस क्लब अध्यक्ष तनुज भसीन, ललित विश्वास, सचिव नीरज गिरि, अखिल भारत हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष दिनेश मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप वर्मा, पालिका वरिष्ठ लिपिक अमित श्रीवास्तव, जेई सिविल अनिल यादव, लेखाकार मोहित अवस्थी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



