सिंगाही पुलिस की मुठभेड़ में दुष्कर्म मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार

सिंगाही पुलिस की मुठभेड़ में दुष्कर्म मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद रातभर तलाश, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद
ब्यूरो रिपोर्ट—तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश में सिंगाही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम लगातार चेकिंग व कॉम्बिंग कर रही थी। इसी दौरान सिंघा कलां बगिया मोड़ के पास आरोपी पुलिस के सामने आ गया।
पुलिस के मुताबिक, टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान खलील अहमद पुत्र अशर्फी, निवासी ग्राम सिंघा कलां, थाना सिंगाही, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई है।
बताया गया कि छह सितंबर को दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार खलील अहमद को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी निघासन ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने पेशाब करने के बहाने वाहन रुकवाया और पुलिसकर्मी को धक्का देकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन जंगल, झाड़ियों और गन्ने के खेत का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल हो गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर तलाश शुरू की। इसी क्रम में देर रात सिंगाही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं कॉम्बिंग कर रही थी। इसी दौरान सिंघा कलां बगिया मोड़ के पास आरोपी दिखाई दिया और मुठभेड़ के बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सीएचसी निघासन भेजा गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।
मुठभेड़ के संबंध में सिंगाही थाने में मु0अ0सं0 175/2026, धारा 109(1)/351(3) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी के खिलाफ सिंगाही थाने में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट तथा निघासन थाने में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



