#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

गौशालाओं की व्यवस्थाओं में मिली खामियां, दो सचिव निलंबित

गौशालाओं की व्यवस्थाओं में मिली खामियां, दो सचिव निलंबित

तीन सचिवों पर विभागीय कार्रवाई, चार बीडीओ को नोटिस


ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 2 सितंबर। गोवंश संरक्षण और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बुधवार को बिना पूर्व सूचना के मोबाइल जीपीएस लोकेशन के माध्यम से कुंभी गोला विकासखंड की गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हैदराबाद और ममरी गौशालाओं में व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां मिलीं।

निरीक्षण में दोनों गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा और हरा चारा उपलब्ध नहीं मिला। परिसर में गंदगी और जलभराव के साथ पशुओं के बैठने व ठहरने की समुचित व्यवस्था भी नहीं पाई गई। लापरवाही मिलने पर हैदराबाद गौशाला की प्रभारी सचिव सुरभि गौर और ममरी गौशाला के प्रभारी सचिव अखिलेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जनपद के अन्य विकासखंडों की गौशालाओं में कराए गए निरीक्षण में भी अनियमितताएं सामने आईं। इसके आधार पर तीन अन्य सचिवों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं गौशालाओं की व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण में लापरवाही के मामले में चार खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

दो दिन में सभी गौशालाओं का निरीक्षण

सीडीओ ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को अगले दो दिनों में जिले की सभी गौशालाओं का निरीक्षण पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी गौशाला में अव्यवस्था, गोवंश की देखभाल में कमी अथवा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

सीडीओ ने गौशालाओं में पर्याप्त भूसा एवं हरा चारा, साफ-सफाई, जल निकासी तथा गोवंश के बैठने और ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश संरक्षण के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button