#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

बाढ़ के पानी के बीच ट्रैक्टर से गांव पहुंचे विधायक शशांक वर्मा, ग्रामीणों से जाना हाल

बाढ़ के पानी के बीच ट्रैक्टर से गांव पहुंचे विधायक शशांक वर्मा, ग्रामीणों से जाना हाल

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला



निघासन-खीरी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिए निघासन विधायक शशांक वर्मा ने गुरुवार को एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम नया पुरैना का स्थलीय निरीक्षण किया। गांव तक पहुंचने के लिए विधायक और एसडीएम ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं और उनकी जरूरतों की जानकारी ली।

विधायक शशांक वर्मा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की इस मुश्किल घड़ी में सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं। उन्होंने राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक की ओर से ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरित किए गए। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाने पर जोर दिया।

एसडीएम यदुवीर सिंह ने भी ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति, आवागमन, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार राहत कार्य प्राथमिकता से संचालित करने को कहा।

बाढ़ प्रभावित गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम, बांटी दवाएं

नया पुरैना गांव में सीएचसी निघासन की स्वास्थ्य टीम भी पहुंची। टीम ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को आवश्यक औषधियां भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने, साफ-सफाई रखने और बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की।
धौरहरा के बाढ़ प्रभावित गांवों में भी वितरित किए लंच पैकेट

उधर, धौरहरा तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में भी प्रशासन की ओर से राहत पहुंचाई गई। एसडीएम राशि कृष्णा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने ग्राम गोडियाना, चंदौली, चकदहा, ओझापुरवा, गनापुर, डुंडकी, गौढ़ी, मांझासुमाली, मिर्जापुर मल्लापुर, परसा और कैरातीपुरवा पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरित किए।

राजस्व टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर बाढ़ से संबंधित समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं और जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button