सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधार के निर्देश…

सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधार के निर्देश…
स्कूली वाहनों की फिटनेस व क्षमता की होगी नियमित जांच, अवैध पार्किंग और डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई
ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक हुई।जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं की आईरेड (iRAD) पोर्टल पर शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित कराने तथा पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के आधार पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं संवेदनशील स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। एनएचएआई सहित प्रमुख मार्गों पर अवैध कट बंद कराने और आवश्यक यातायात संकेतक व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे खड़े वाहनों, अवैध बस स्टैंड, डग्गामार वाहनों तथा अवैध ई-रिक्शा और ई-ऑटो के खिलाफ पुलिस, यातायात एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने विद्यालयों में संचालित बसों, वैन एवं अन्य वाहनों की फिटनेस, निर्धारित क्षमता, चालक की वैधता और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराने को कहा। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने बीएसए और डीआईओएस को विद्यालयों की समय-सारणी के अनुसार यातायात प्रबंधन एवं रूट प्लान तैयार कराने को कहा, ताकि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। विद्यालयों के बाहर अनधिकृत पार्किंग रोकने तथा स्कूल बसों के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बस चालकों एवं परिचालकों के स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा पात्र कार्मिकों को हेल्थ कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने पर जोर दिया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह, अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन एवं प्रवर्तन, नगर निगम, एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।



