सीएमओ ने सोमवार सुबह किया सीएचसी पलिया का औचक निरीक्षण

सीएमओ ने सोमवार सुबह किया सीएचसी पलिया का औचक निरीक्षण
बाढ़ के दृष्टिगत पर्याप्त दवाएं रखने व स्वास्थ्य टीमें तैनात करने के दिए निर्देश
रंग बिरंगी चादरें देख नाराज हुए सीएमओ, दैनिक कोड के अनुसार चादर बिछाने के लिए निर्देश
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलिया का औचक निरीक्षण किया। करीब सुबह 10 बजे अस्पताल पहुंचे सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और संभावित बाढ़ के दृष्टिगत चिकित्सीय तैयारियों का गहन जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड, कोल्ड चेन, पैथोलॉजी लैब और भर्ती वार्डों का मुआयना कर वहां उपचाराधीन मरीजों से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। वार्डों में भर्ती मरीजों के बेड पर निर्धारित कलर कोड के विपरीत रंग-बिरंगी चादरें बिछी देख उन्होंने नाराजगी जताई और सख्त निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित दिन व कलर कोड के अनुसार ही बेडशीट बिछाई जाएं। अस्पताल परिसर में गंदगी और इधर-उधर भरे पानी को देखकर सीएमओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल जल निकासी कराने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मच्छर जनित बीमारियों का खतरा न रहे।
इसके उपरांत उन्होंने औषधि भंडार कक्ष का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता परखी। सीएमओ ने बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाइयों का स्टॉक रखने तथा जलीय जीवों के दंश से बचाव व उपचार के बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहे। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी, नियमित दौरों और तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम रूप से स्वास्थ्य टीमों का गठन करने के निर्देश भी दिए।



