कुंडल छिनैती की दो घटनाओं का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार

कुंडल छिनैती की दो घटनाओं का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 16 अगस्त। थाना कोतवाली सदर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने कुंडल छिनैती की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए दो कुंडल और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली सदर क्षेत्र में महिलाओं से कुंडल छिनैती की दो घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 10 अगस्त को राजापुर चौकी क्षेत्र में नहरिया के पास हुई थी, जबकि दूसरी घटना 13 अगस्त को सुभाषनगर मोहल्ले में देवकली रोड पर हुई। दोनों मामलों में पीड़िताओं की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटनाओं के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थलों से लेकर शहर के विभिन्न चौराहों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध मोटरसाइकिलों की पहचान कर अभियुक्तों को चिह्नित किया गया।
पुलिस ने 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर देउवापुर नहर पटरी से दो मुख्य अभियुक्तों तथा घटनाओं की रेकी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकुश वर्मा निवासी सलेमपुर कोन, चांद बाबू उर्फ मटरू निवासी सलेमपुर कोन और रिजवान निवासी कीरतपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि रिजवान छिनैती और लूट की घटनाओं की रेकी करता था, जबकि अन्य दोनों अभियुक्त घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो पीली धातु के कुंडल, एक स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP31CE7492 और एक सीटी-100 मोटरसाइकिल संख्या UP31BF6032 बरामद हुई हैं। दोनों मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक तेज सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार, कांस्टेबल अमरजीत, कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल कुलदीप कुमार तथा सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल उमेश मिश्रा और कांस्टेबल महताब आलम शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



