#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

स्वतंत्रता दिवस पर खीरी पुलिस लाइन में भव्य समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस पर खीरी पुलिस लाइन में भव्य समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।

एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान से मिली आजादी हम सभी के लिए अमूल्य धरोहर है। पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह आमजन की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ करे।

समारोह के दौरान सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और विभिन्न सेवा पदकों से सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में निरीक्षक राजेश कुमार सिंह व निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा व निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

वहीं उप निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार वर्मा को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा रजत पदक तथा मुख्य आरक्षी विनय वर्मा को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किए गए।

समारोह के बाद एसएसपी द्वारा पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया गया। पुलिस कर्मियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर एएसपी/सीओ सदर विवेक तिवारी, एएसपी पूर्वी पवन गौतम, एएसपी पश्चिमी अमित राय, सीओ यातायात अभिमन्यु त्रिपाठी, प्रतिसार निरीक्षक पवन भाटी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button