#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी में उत्साह, उल्लास और उमंग के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, वन मंत्री ने फहराया तिरंगा

लखीमपुर खीरी में उत्साह, उल्लास और उमंग के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, वन मंत्री ने फहराया तिरंगा

ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 15 अगस्त। देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाने वाला 80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद लखीमपुर खीरी में परंपरागत ढंग से धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया गया। विभिन्न संस्थाओं के साथ-साथ स्कूल-कॉलेजों में भी देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले की सभी तहसीलों एवं ब्लॉक कार्यालयों में संबंधित अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ। यहां उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ. अरुण कुमार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन हुआ। उपस्थित लोगों को पंच प्रण की शपथ  दिलाई गई।

छात्राओं की प्रस्तुति ने बांधा समां

गांधी बालोद्यान विद्यालय और सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्राओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। वन मंत्री ने प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण भी किया।

इससे पूर्व जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अपने कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित और वरिष्ठ नागरिक सम्मानित

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। वहीं 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके निरमोहन सिंह सहित दो 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

वन मंत्री ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से कार्य करने का दिया संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व उन अनगिनत बलिदानों की याद दिलाता है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्र की चेतना को कभी गुलाम नहीं होने दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई से देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है।

वन मंत्री ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने स्वयं वैक्सीन बनाकर अपने नागरिकों को सुरक्षा प्रदान की और करीब 100 देशों की मदद की। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद योजना, बेहतर सड़कें, ओवरब्रिज और बाईपास जैसी योजनाओं से रोजगार एवं विकास को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ कार्य करना होगा। सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे सैनिकों का सम्मान करना और देश की प्रगति में अपना योगदान देना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में स्थापित सुरक्षा माहौल को भी बड़ी उपलब्धि बताया।

डीएम ने राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस पर जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें यह सोचने का अवसर देता है कि देश के विकास में हमारा योगदान क्या हो सकता है।

उन्होंने कहा कि हर परिवर्तन की शुरुआत विचार से होती है और विचार जब कर्म में बदलता है, तभी राष्ट्र निर्माण की राह मजबूत होती है। भारत आज स्वावलंबन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लिया गया है।

डीएम ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को अपनाकर व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक स्वार्थों से ऊपर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे, तो विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल किया जा सकता है। राष्ट्रभक्ति केवल शब्दों तक सीमित न रहे, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा योगदान भी देश की प्रगति में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

एसपी ने पंच प्रण को जीवन में उतारने की अपील की

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पंच प्रण के संकल्प को आत्मसात करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास और सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। देशहित को सर्वोपरि रखते हुए पंच प्रण को अपने जीवन में उतारना ही स्वतंत्रता दिवस के संकल्प को सार्थक करेगा।

कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह  ने सभी का आभार व्यक्त किया।

कलेक्ट्रेट कर्मियों ने गिटार पर सुनाया देशभक्ति गीत

समारोह के दौरान कलेक्ट्रेट कर्मियों कुशाग्र और प्रतीक श्रीवास्तव ने गिटार की मधुर धुन पर देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया और पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। प्रस्तुति उपस्थित लोगों के आकर्षण का केंद्र रही और समारोह में जोश भर दिया।

कार्यक्रम में डीएफओ तापस मिहिर, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, ब्रजपाल सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अमित कुमार राय, एसडीएम अर्चना ओझा, एसडीएम ताहिर, डीएसओ सीमा त्रिपाठी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button