#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपीलीभीतब्रेकिंग न्यूज़

स्वतंत्रता दिवस पर पीलीभीत डीएम की अनोखी पहल, गरीब परिवारों के बीच पहुंचकर बांटी मिठाई और फल

स्वतंत्रता दिवस पर पीलीभीत डीएम की अनोखी पहल, गरीब परिवारों के बीच पहुंचकर बांटी मिठाई और फल

पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीलीभीत में मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने आजादी के इस राष्ट्रीय पर्व की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की पहल की। उन्होंने औपचारिक कार्यक्रमों के बाद खुद सड़क पर उतरकर जरूरतमंद और गरीब परिवारों के बीच पहुंचकर मिठाई और फल वितरित किए।

शनिवार दोपहर करीब एक बजे औपचारिक कार्यक्रमों के समापन के बाद डीएम ज्ञानेंद्र सिंह अपने हाथों में फलों की टोकरी लेकर आम लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान जिला प्रशासन की पूरी टीम भी सक्रिय नजर आई। सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार अवधेश कुमार सहित तहसील महकमे के कई अधिकारी और कर्मचारी आम लोगों के बीच फल और मिठाइयां बांटते दिखाई दिए।

डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि आजादी का महापर्व केवल खास लोगों या औपचारिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस की खुशियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस पहल का उद्देश्य है।

वितरण के दौरान डीएम ने स्थानीय नागरिकों और बच्चों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के गौरव, देश के इतिहास और स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में लोगों को जानकारी दी। साथ ही देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश भी दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच पाकर गरीब परिवारों और बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीलीभीत जिला प्रशासन की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button