सीएम योगी ने बढ़ाया कोटेदारों का मान, अब ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से होगी पहचान

सीएम योगी ने बढ़ाया कोटेदारों का मान, अब ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से होगी पहचान
लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल, जिले के 1,486 उचित दर विक्रेता होंगे लाभान्वित
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 17 अगस्त। उचित दर विक्रेताओं के लिए सोमवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उचित दर दुकानों के संचालकों को नई पहचान देते हुए अब उन्हें ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से जाने की घोषणा की गई है। लाभांश में वृद्धि से जनपद के 1,486 उचित दर विक्रेताओं को सीधे लाभ मिलेगा।
कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि तथा सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक व्यवस्था के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उचित दर विक्रेताओं ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश बढ़ाए जाने और उचित दर विक्रेताओं को नई पहचान दिए जाने की घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उचित दर विक्रेताओं के हितों का लगातार ध्यान रख रही है। लाभांश में वृद्धि से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उचित दर विक्रेताओं का मान बढ़ाते हुए उन्हें नई पहचान देने का निर्णय लिया है। अब उचित दर दुकानों से जुड़े संचालकों को ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से जाना जाएगा। इससे उनके कार्य को नई प्रतिष्ठा और सम्मान मिलेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे कोटेदारों को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ उनका सम्मान और मनोबल भी बढ़ेगा। ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के रूप में नई पहचान उनके कार्य की महत्ता को और प्रतिष्ठा प्रदान करेगी।
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने कहा कि लाभांश में वृद्धि सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के परिश्रम का सम्मान है। इससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में उनका उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ई-पॉस आधारित फीडबैक व्यवस्था से उचित दर विक्रेताओं की प्रतिक्रिया को भी व्यवस्था से जोड़ा जा सकेगा।
कोटेदारों ने जताया सरकार का आभार
उचित दर विक्रेताओं का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने पर कोटेदार संगठन के जिलाध्यक्ष करनपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लाभांश में वृद्धि से कोटेदारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनके कार्य के प्रति उत्साह बढ़ेगा।
‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ नाम दिए जाने का स्वागत करते हुए कोटेदारों ने कहा कि यह निर्णय उनके सम्मान और प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाला है। कार्यक्रम के दौरान उचित दर विक्रेताओं में सरकार के निर्णय को लेकर उत्साह देखने को मिला।



