#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

भारत-नेपाल सीमा पर 52.95 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद

भारत-नेपाल सीमा पर 52.95 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खीरी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना सम्पूर्णानगर पुलिस और एसएसबी की बसही कंपनी, 49वीं बटालियन कमलापुरी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 52.95 ग्राम स्मैक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बसही से नेपाल राष्ट्र जाने वाले रास्ते पर पिलर संख्या 769/23 से करीब 150 मीटर अंदर ग्राम बसही के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 52.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश सिंह कार्की पुत्र मनोज सिंह कार्की, निवासी ग्राम कलुवापुर, जिला कंचनपुर, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्मैक के अलावा तस्करी में प्रयुक्त नेपाली नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

मामले में थाना सम्पूर्णानगर में मु0अ0सं0 117/2026, धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) एवं क्षेत्राधिकारी पलिया के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सम्पूर्णानगर के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने की।

संयुक्त टीम की कार्रवाई

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमरपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र मिश्रा, कांस्टेबल टिंकू प्रजापति, उमेश वर्मा और राहुल त्यागी शामिल रहे। वहीं एसएसबी की टीम में निरीक्षक रोबिन्स कुमार समेत अन्य जवान शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button