डीआईजी अभिषेक सिंह ने किया जनपद शामली का वार्षिक निरीक्षण

डीआईजी अभिषेक सिंह ने किया जनपद शामली का वार्षिक निरीक्षण
वार्षिक निरीक्षण में डीआईजी ने कसे पेंच, पुलिसिंग सुधारने के निर्देश
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर पुलिस उप महानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर अभिषेक सिंह द्वारा जनपद शामली का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं इकाइयों, पत्र व्यवहार शाखा, आंकिक शाखा, अपराध शाखा, महिला सम्मन प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ, जनपद अपराध अभिलेख ब्यूरो फील्ड यूनिट, सीसीआर/डीसीआर तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई का गहन निरीक्षण किया गया।
इस दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यप्रणाली, अनुशासन व प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत डीआईजी अभिषेक सिंह ने जनपद शामली स्थित रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र में रिक्रूट आरक्षियों के साथ सम्मेलन कर उन्हें कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। इसके साथ ही पुलिस लाइन्स, शामली में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं सर्किल अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी पुलिसिंग से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



