#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

पलिया पुलिस का स्मैक कारोबार पर बड़ा प्रहार, 150 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पलिया पुलिस का स्मैक कारोबार पर बड़ा प्रहार, 150 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

नशे की खेप ले जाने में इस्तेमाल टोयोटा इटिओस कार बरामद, एक माह में करीब 10 कथित तस्कर पहुंच चुके जेल

ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला

पलिया कलां, खीरी, 09 अगस्त। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुंजहा हवाई पट्टी रोड स्थित पुल के पास घेराबंदी कर दो कथित स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 150 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा इटिओस कार भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अरसल पुत्र शब्बीर निवासी मोहल्ला माहीगिरान प्रथम, पलिया नगर के कब्जे से 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं दूसरे आरोपी विक्की साफी पुत्र विष्णु साफी, वर्तमान निवासी थारूपुरवा, पटिहन रोड, पलिया और मूल निवासी बिहार के पास से 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सफेद रंग की टोयोटा इटिओस कार संख्या यूपी 14 सीके 4003 भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि वाहन का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी में किया जा रहा था।

यह कार्रवाई खीरी की एसएसपी  के निर्देशन में कोतवाली पलिया प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अरविंद मौर्या, मुख्य आरक्षी जय प्रकाश तथा कांस्टेबल उपेंद्र कुमार, मोहित कुमार और रविकांत शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे के नेतृत्व में पलिया पुलिस ने बीते एक माह के दौरान करीब 10 नामचीन कथित स्मैक तस्करों को भारी मात्रा में मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button