सहकारिता से किसानों को समृद्ध बनाने पर जोर, योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कवायद

सहकारिता से किसानों को समृद्ध बनाने पर जोर, योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कवायद
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 23 सितंबर। किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सहकारी बैंक की ओर से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी योजना को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसान, सहकारी समितियों के अध्यक्ष-सचिव, पदाधिकारी, बैंक अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और सदर विधायक योगेश वर्मा ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ योगानंद पाण्डेय तथा जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विनीत मनार पटेल की मौजूदगी में किया। इस दौरान डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रवीण कुमार, डीडीएम नाबार्ड प्रसून सोनार और बैंक के सीईओ मनोज कुमार पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सहकारी समितियों और बैंकों के माध्यम से किसानों तक शासन की योजनाओं एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से बैंक ऋण का सदुपयोग करने तथा समय से अदायगी सुनिश्चित करने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विनीत मनार ने बताया कि जिले में 169 सहकारी समितियां और 62 बैंक शाखाएं संचालित हैं, जिनके माध्यम से किसानों और युवाओं को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने भूमि विकास बैंक के माध्यम से छह प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के पांच ऋण सदस्यों को सम्मानित किया गया।



