अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित हुआ कार्यक्रम

अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित हुआ कार्यक्रम
पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा के माध्यम से श्रवण एवं वाक् बाधित लोगों से संवाद का कराया गया अभ्यास
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को रिजर्व पुलिस लाइन खीरी के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने तथा पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ और समावेशी बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों से प्रभावी संवाद स्थापित करने के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सांकेतिक भाषा के माध्यम से संवाद का अभ्यास भी कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के पुलिस सहायता प्राप्त करने का अधिकार है। श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों की शिकायतों और समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनकी आवश्यकता के अनुसार त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को दिव्यांगजनों के साथ सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा उनकी शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समावेशी पुलिसिंग, समान अवसर और प्रत्येक नागरिक के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।



