गांव की बदहाल सड़कों और गंदगी के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, ग्राम प्रधान पर उठे सवाल

गांव की बदहाल सड़कों और गंदगी के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, ग्राम प्रधान पर उठे सवाल
पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेहरामऊ उत्तरी के गांव खंजनपुर में बदहाल सड़कें, जलभराव और गंदगी से ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर जिम्मेदारों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं। जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं और बारिश के मौसम में सड़कों पर एक से दो फीट तक गंदा पानी भर जाता है। नालियां टूटी होने के कारण घरों का गंदा पानी भी सड़कों पर बहता रहता है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की समस्याओं को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब है और गांव में तैनात सफाईकर्मी नियमित रूप से सफाई करने नहीं आता।
नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी जमा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।
प्रशासन से जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग
विरोध प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पंचायतीराज विभाग से मांग की है कि गांव की सड़कों की स्थिति की जांच कराकर निर्माण/मरम्मत कराई जाए, नालियों की सफाई कराई जाए और सफाई व्यवस्था को नियमित किया जाए।
साथ ही ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में विकास एवं सफाई कार्यों की जमीनी जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे। विरोध प्रदर्शन में रामनिवास पुत्र रामबहादुर, राकेश पुत्र जयकरन, बादाम सिंह, राधेश्याम, सोमपाल, देवेंद्र कुमार और शेर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।



