कन्नौत नदी पर पुल निर्माण का शुभारंभ, जितिन प्रसाद ने किया भूमि पूजन

कन्नौत नदी पर पुल निर्माण का शुभारंभ, जितिन प्रसाद ने किया भूमि पूजन
21.31 करोड़ रुपये से बनेगा 90.23 मीटर लंबा पुल, वर्षों से जर्जर पुल के कारण बंद थी आवाजाही
पीलीभीत। बिलसंडा ब्लॉक क्षेत्र के शीतलपुर मरौरी गांव स्थित फागुनिहाई घाट पर कन्नौत नदी के नए पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मंगलवार को सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
करीब 90.23 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण पर 21 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। भूमि पूजन के दौरान सेतु निगम के अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिलसंडा थाना पुलिस भी तैनात रही।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद एक दिवसीय दौरे पर पीलीभीत पहुंचे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने करेली थाना क्षेत्र के बमरौली और बिलसंडा क्षेत्र के शिम्भुआ गांव में ग्रामीणों से मुलाकात कर बातचीत की। इसके बाद वे मरौरी गांव के प्रधान प्रतिनिधि संजीव अवस्थी के घर पहुंचे, जहां उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया।
इसके बाद जितिन प्रसाद बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के शीतलपुर मरौरी गांव पहुंचे और फागुनिहाई घाट पर कन्नौत नदी के पुल के निर्माण के लिए आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी संवाद किया।
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री बिलसंडा कस्बे में चल रहे श्री रामलीला मेले में भी पहुंचे। कार्यक्रम में भाजपा विधायक विवेक वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य रेनू राज, सेतु निगम के सहायक अभियंता आशीष नरवाला सहित सीडीओ और जिले के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वर्षों से जर्जर था पुराना पुल
बताया गया कि कन्नौत नदी पर बने पुराने पुल का निर्माण वर्ष 1990 में सिख समुदाय के लोगों ने कार सेवा के सहयोग से कराया था। कई वर्षों से पुल जर्जर हालत में था, जिसके चलते उस पर आवागमन बंद हो गया था। अब नए पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- विपिन कुमार प्रजापति



