युवा नेता महानगर महामंत्री हाजी अल्बख़्श और सांसद चंद्रशेखर की मुलाकात के बाद सुरक्षा और लोकप्रियता पर

युवा नेता महानगर महामंत्री हाजी अल्बख़्श और सांसद चंद्रशेखर की मुलाकात के बाद सुरक्षा और लोकप्रियता पर चर्चा
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जनपद में राजनीतिक गतिविधियां एक बार फिर तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में महानगर महामंत्री हाजी अल्बख़्श ने नगीना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद से खास मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्होंने सांसद चंद्रशेखर को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का एक सुंदर चित्र भेंट किया, जिसे दोनों नेताओं के बीच आपसी सौहार्द और वैचारिक एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में महानगर महामंत्री हाजी अल्बख़्श की क्षेत्र में लगातार बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और जनसमर्थन चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारों का मानना है कि उनकी इसी बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाए असामाजिक तत्वों ने उन पर जानलेवा हमला करने की साजिश रची थी। कुछ दिन पूर्व अज्ञात बाईक सवार बदमाशों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर उनकी जान लेने का प्रयास किया था, जिसने राजनीतिक गलियारों और शेत्र में हड़कंप मचा दिया था।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। तहरीर के आधार पर तुरंत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं, मुख्य हमलावरों में से एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इस मुलाकात के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद चंद्रशेखर ने इस दौरान पूरी घटना की जानकारी ली और हाजी अल्बख़्श की सुरक्षा को लेकर भी विचार-विमर्श किया।



