डकैती का बड़ा खुलासा, 5 अरेस्ट, दो बाइक पर सवार होकर राहगीरों को बनाते थे निशाना, तमंचे-चाकू के बल पर करते थे लूटपाट, चोरी की बाइक पर लगाते थे फर्जी नंबर प्लेट…

डकैती का बड़ा खुलासा, 5 अरेस्ट, दो बाइक पर सवार होकर राहगीरों को बनाते थे निशाना, तमंचे-चाकू के बल पर करते थे लूटपाट, चोरी की बाइक पर लगाते थे फर्जी नंबर प्लेट…
विशेष स्पोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर के फतेहपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने डकैती की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 35,500 रुपए नकद, तीन मोबाइल, एक सफेद धातु का ब्रेसलेट, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन चाकू और घटना में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की हैं। दोनों बाइक में से एक चोरी की बताई गई है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात की जाती थी।आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी नंबर प्लेट और पांच अन्य मोबाइल भी मिले हैं। इन मोबाइलों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूटने की बात आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार की है।एसपी देहात मयंक पाठक ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को गागलहेड़ी निवासी इल्ताफ पुत्र जाहिद ने फतेहपुर थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 3-4 अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवाई।आरोपियों ने इल्ताफ और उनके साथियों के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और रुपए व तीन मोबाइल फोन छीन लिए। मामले में फतेहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। 13 सितंबर को पुलिस टीम दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की बड़कला से टोल प्लाजा की ओर जाने वाली सर्विस लेन पर रजापुर जाने वाले कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों को पकड़ा गया गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर पुत्र अब्दुल हमीद और सनव्वर पुत्र इलियास, निवासी दानिश कॉलोनी रसूलपुर थाना कोतवाली देहात, अनस पुत्र यूनुस, निवासी मोहल्ला छीपियान थाना कोतवाली नगर, रिहान पुत्र इनाम, निवासी मांडेमांस थाना गागलहेड़ी और प्रिन्स पुत्र सूरजपाल, निवासी बडूली चौकी सीडकी थाना नागल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फतेहपुर की घटना से संबंधित 35,500 रुपए, सफेद धातु का एक ब्रेसलेट और ITEL, POCO व VIVO कंपनी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा SAMSUNG, Apple, Motorola और VIVO कंपनी के पांच अन्य मोबाइल भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार ये मोबाइल गागलहेड़ी और नागल थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग लूट की घटनाओं से संबंधित हैं।आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन अवैध चाकू भी मिले। घटना में इस्तेमाल दो स्प्लेंडर बाइक बरामद हुईं।इनमें एक बाइक संख्या UP11BR4841 काले रंग की है। पुलिस के अनुसार इसे कुछ दिन पहले कलियर शरीफ मजार से चोरी किया गया था और लूट की घटनाओं में इस्तेमाल करने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। दूसरी बाइक संख्या UP11CQ6031 के कागजात आरोपी पेश नहीं कर सके। इसके चेसिस और इंजन नंबर भी घिसे हुए और अपठनीय मिले। दोनों बाइक के साथ दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ग्राम मथाना के पास उन्होंने छोटा हाथी में सवार तीन लोगों को निशाना बनाया था। आरोपियों ने चालक से 48 हजार रुपए और ITEL, POCO व VIVO मोबाइल लूटे थे। लूटे गए रुपए आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे। इसमें कुछ रुपए खर्च हो गए, जबकि बाकी रकम और ब्रेसलेट पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपियों ने करीब एक सप्ताह पहले लाखनौर पुल के पास स्कूटी सवार व्यक्ति से Samsung और iPhone मोबाइल लूटने की बात बताई। इसके अलावा करीब 20 दिन पहले भगवानपुर रोड पर बहेड़ी गुर्जर के जंगल में मोटरसाइकिल सवार से Samsung मोबाइल लूटने की बात भी स्वीकार की।आरोपियों ने करीब 12-13 दिन पहले कलियर रोड के इमलीखेड़ा क्षेत्र में तमंचे के बल पर मोटरसाइकिल सवार से Vivo और Motorola मोबाइल लूटने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वे लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।



