#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़

कंसवध के साथ श्रीकृष्ण लीला मेले का भव्य समापन, विराट दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम

कंसवध के साथ श्रीकृष्ण लीला मेले का भव्य समापन, विराट दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम

रिपोर्ट, अखिलेश कुमार यादव,पीलीभीत

पीलीभीत -नगर पंचायत कलीनगर के ठाकुरद्वारा मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में चल रहे तीन दिवसीय श्रीकृष्ण लीला मेले का शनिवार को कलीनगर-जमुनिया मार्ग पर कंसवध के साथ भव्य समापन हुआ। मेले के समापन अवसर पर नगर पंचायत कलीनगर के चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश भारती की ओर से विराट दंगल का आयोजन कराया गया। दंगल में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। दंगल में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, मेरठ, गहलुइया, अमरैया, जमुनिया, कलीनगर और अमरिया समेत विभिन्न क्षेत्रों के पहलवानों ने भाग लिया। मुकाबलों में राजा मेरठ, शानू नूरपुर, सत्यपाल यादव राजपुर, अमन शिवनगर, हसनैन बरेली, राजीव कढ़ेरचौरा, अंकित अमरैया, काला पहलवान, शादाब गहलुइया, गुलाम नवी बरेली सहित कई पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को चित कर जीत हासिल की।
दंगल के दौरान राजा मेरठ के पहलवान ने इरफान खाते को, शानू नूरपुर ने रोहित गोला के पहलवान को, राजा मेरठ ने रवि मिलक के पहलवान को, सत्यपाल यादव राजपुर ने अखिलेश कलीनगर को, अमन शिवनगर ने मोहन सिसैया के पहलवान को तथा हसनैन बरेली ने नरेश बड़ेपुरा को पराजित किया। वहीं राजीव कढ़ेरचौरा ने राहुल पालिया को हराया। सत्यपाल यादव और ओमकार के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। दंगल की अंतिम और सबसे रोमांचक झंडी की कुश्ती शादाब पहलवान गहलुइया और गुलाम नबी पहलवान बरेली के बीच हुई। करीब आधे घंटे तक चले इस रोमांचक मुकाबले में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी, लेकिन कोई भी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश भारती ने दोनों पहलवानों को 2,600-2,600 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और पूरे आयोजन के दौरान तालियों व उत्साह से माहौल गूंजता रहा।
श्रीकृष्ण लीला मेले के समापन पर कंसवध की लीला और विराट दंगल ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। आयोजन को सफल बनाने में आयोजकों और स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button