बाढ़ के संकट के बीच स्वास्थ्य सेवाओं का कवच, नाव से रेहरिया खुर्द पहुंचे सीएमओ

बाढ़ के संकट के बीच स्वास्थ्य सेवाओं का कवच, नाव से रेहरिया खुर्द पहुंचे सीएमओ
बाढ़ प्रभावित गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की ली जानकारी
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा के अधीक्षक डॉ. रामू सिंह के साथ बाढ़ प्रभावित गांव रेहरिया खुर्द का स्थलीय निरीक्षण किया। सीएमओ नाव से गांव पहुंचे और वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनके संपर्क में है और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष बाढ़ स्वास्थ्य चौकी भी स्थापित की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बाढ़ के दौरान होने वाली खांसी, जुकाम, बुखार, उल्टी-दस्त और त्वचा संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है।
दूषित पानी से होने वाले संक्रमण से बचाव के लिए ग्रामीणों को क्लोरीन की गोलियां भी दी जा रही हैं। स्वास्थ्य कर्मी ग्रामीणों को साफ पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। उन्हें सरकारी हैंडपंप का पानी इस्तेमाल करने अथवा पानी को अच्छी तरह उबालकर पीने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव की गर्भवती महिलाओं के लगातार संपर्क में है और फोन के माध्यम से भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय से स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।



