#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

साल की सेवा गाथा लेकर गांव-गांव पहुंचेगी सरकार

साल की सेवा गाथा लेकर गांव-गांव पहुंचेगी सरकार

प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने की तैयारियों की समीक्षा, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 12 सितंबर। पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम जिलेभर में आयोजित किए जाएंगे।

शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को महज औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर मिशन मोड में संचालित किया जाए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

17 सितंबर को सेवा दिवस पर जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में फल वितरण व रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। शाम को प्रमुख स्थानों, ग्राम पंचायतों, शहरी वार्डों, मंदिरों और नदी घाटों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।

‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से विद्यालयों, गांवों और चौपालों तक विकास यात्रा पहुंचाई जाएगी। बहुउद्देशीय शिविरों में पात्र लोगों के आवेदन कराकर उन्हें मौके पर योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था होगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नदियों, घाटों, पार्कों और गौशालाओं में स्वच्छता व पौधारोपण अभियान भी चलेगा।

प्रभारी मंत्री ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई। जनता और जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाने वाले अभियंताओं पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लोकल फाल्ट दूर करने, ओवरलोड फीडरों का लोड बांटने और रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। व्यवस्था सुधारने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी गई।

बाढ़ के बाद संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए गांवों में सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और स्वास्थ्य शिविर बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। दवा छिड़काव की फोटो पोर्टल पर अपलोड कर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार, विधायक योगेश वर्मा, मंजू त्यागी, विनोद शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button