110 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिला सम्मान, सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ माध्यमिक, इंटर व डिग्री कॉलेज के शिक्षक भी रहे शामिल

110 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिला सम्मान, सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ माध्यमिक, इंटर व डिग्री कॉलेज के शिक्षक भी रहे शामिल
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य कल्याण समिति उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित 21वें शिक्षक सम्मान समारोह में 110 विद्यालयों के 2298 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों के अलावा मान्यता प्राप्त विद्यालयों, माध्यमिक एवं इंटर कॉलेज तथा डिग्री कॉलेज के शिक्षक भी शामिल रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा अरुण वर्मा, भाजपा जिला प्रभारी एवं सदस्य पिछड़ा वर्ग आयोग वासुदेव मौर्य, मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति महेश्वरी, लखीमपुर नगर उपाध्यक्ष समीक्षा गुप्ता तथा समिति के अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम आयोजक विजय शुक्ला रिंकू ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि रेखा अरुण वर्मा ने कहा कि बच्चों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और संस्कार विकसित करने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक ही देश के भावी कर्णधारों को तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है और शिक्षकों को सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा शिक्षक के रूप में बिताया और शिक्षक को समाज का वास्तविक निर्माता माना। उन्होंने कहा कि इतने शिक्षकों का एक साथ आशीर्वाद मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार जताया।
समारोह में सेवानिवृत्त प्रोफेसर राम औतार विश्वकर्मा, साहित्यकार बेनीराम श्रीवास्तव, महेंद्र त्रिपाठी, राजकुमार कनौजिया सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संजीव दीक्षित ने किया।
रेखा अरुण वर्मा का हुआ भव्य स्वागत
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में तीसरी बार दायित्व मिलने के बाद रेखा अरुण वर्मा के गोला नगर में प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों के काफिले और ढोल-नगाड़ों के साथ नगर सीमा पर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, जिला महामंत्री मनोज वर्मा, प्रो. एनडी शर्मा, बीए खान, हरद्वारी लाल, डॉ. अंजू भोगल, डॉ. मंजू पाठक, डॉ. निर्मल सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



