श्री राजपूत करणी सेना का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आज, सदस्यता अभियान को लेकर जुटेंगे कार्यकर्ता
ब्यूरो रिपोर्ट पीलीभीत

श्री राजपूत करणी सेना का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आज, सदस्यता अभियान को लेकर जुटेंगे कार्यकर्ता

पीलीभीत। श्री राजपूत करणी सेना, पीलीभीत के तत्वावधान में रविवार, 6 सितंबर 2026 को विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सदस्यता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम ग्राम चठिया हिलगी में दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। सम्मेलन में जिलेभर से संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने और सदस्यता अभियान को गति देने पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिलसंडा राकेश प्रताप सिंह के आवास पर किया जाएगा। सम्मेलन के प्रमुख अतिथि के रूप में श्री राजपूत करणी सेना उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर प्रदीप सिंह राठौड़ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह द्वारा किया जाएगा। सम्मेलन की व्यवस्थाओं एवं देखरेख की जिम्मेदारी जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह चौहान को सौंपी गई है। संगठन से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव एवं घर-घर जाकर बैठकें आयोजित कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। साथ ही समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने तथा संगठन के उद्देश्यों के प्रति जागरूक करने का अभियान भी लगातार जारी है। राजपूत करणी सेना के तहसील सचिव पूरनपुर मनपाल सिंह कठेरिया सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को लगातार जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर संगठन को मजबूती प्रदान करने की अपील की है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसील सचिव बीसलपुर अरविंद सिंह चौहान सहित दधीचि सोमवंशी, राजेश सिंह कठेरिया, अमित सिंह, अंकित सिंह, मुन्ना सिंह, संजीव सिंह समेत जिलेभर के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि सम्मेलन के माध्यम से सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के साथ समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।



