गोला में जीवंत हुईं श्रीकृष्ण की लीलाएं, भव्य झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

गोला में जीवंत हुईं श्रीकृष्ण की लीलाएं, भव्य झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी छोटी काशी गोला में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर भक्ति और उत्साह का माहौल है। वर्षों पुरानी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भव्य जीवंत झांकियों की परंपरा एक बार फिर नगर में जीवंत हो उठी है। श्री धर्मादा समिति गौशाला परिसर में 04 एवं 05 सितंबर को आयोजित जीवंत झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।
पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ की पहल पर नगर की इस पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नए स्वरूप में आगे बढ़ाया गया है। गौशाला परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी बाल लीलाओं और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों को आकर्षक ढंग से जीवंत झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है।
झांकियों में सजे कलाकार और मनोहारी दृश्य श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। रात्रि होते ही गौशाला परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है। बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकियों के दर्शन कर रहे हैं और उनकी लीलाओं का आनंद ले रहे हैं।
भक्ति संगीत और धार्मिक वातावरण से पूरा गौशाला परिसर कृष्णमय नजर आ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों में झांकियों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु झांकियों के विभिन्न प्रसंगों को देखकर भावविभोर नजर आ रहे हैं।
नगरवासियों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के चलते नगर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और गौशाला में सजी जीवंत झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।



