#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज, तीन गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज, तीन गिरफ्तार

12 टोंटियां, रिंच और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी। कोतवाली सदर पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 12 टोंटियां, एक रिंच और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस को चोरी की घटना के खुलासे की जिम्मेदारी दी गई थी। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल से लेकर शहर के विभिन्न चौराहों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करते हुए उनकी तलाश शुरू की।

इसी क्रम में सोमवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और जांच के आधार पर नहरिया पटरी, खखरा चौराहे के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन कुमार पुत्र रामखिलावन निवासी मोहल्ला कोरीयाना, मिदनिया गढ़ी, थाना कोतवाली सदर, खीरी, याकूब पुत्र स्वर्गीय मुजम्मिल खां निवासी गुटैय्याबाग, थाना कोतवाली सदर, खीरी तथा राखी पत्नी सचिन कुमार निवासी मोहल्ला कोरीयाना, मिदनिया गढ़ी, थाना कोतवाली सदर, खीरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 12 अदद टोंटियां, एक रिंच तथा मोटरसाइकिल संख्या UP32CC1811बरामद की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, कांस्टेबल अरुण कुमार, घनश्याम, रजनीश, मुजम्मिल और महिला कांस्टेबल संजू यादव की टीम ने की। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button