#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण कर लौटे डॉ. आशुतोष गुप्ता, पालिकाध्यक्ष ने किया सम्मानित

कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण कर लौटे डॉ. आशुतोष गुप्ता, पालिकाध्यक्ष ने किया सम्मानित

ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ-खीरी। नगर के वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ. आशुतोष गुप्ता कैलाश मानसरोवर की पवित्र यात्रा पूर्ण कर सकुशल नगर लौट आए। उनके नगर आगमन पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने उनके आवास पर पहुंचकर पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। पालिकाध्यक्ष ने उन्हें सफल एवं पुण्यदायी यात्रा के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान डॉ. आशुतोष गुप्ता ने पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ सहित उपस्थित लोगों के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने यात्रा के दौरान सामने आई कठिन परिस्थितियों, दुर्गम रास्तों और कैलाश क्षेत्र के आध्यात्मिक वातावरण से जुड़े संस्मरण सुनाए। साथ ही यात्रा के दौरान खींचे गए मनोहारी छायाचित्र भी दिखाए, जिनके माध्यम से उपस्थित लोगों ने कैलाश मानसरोवर के प्राकृतिक सौंदर्य और दिव्यता को करीब से महसूस किया।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही प्रकृति, आध्यात्मिकता और आत्मचिंतन से जुड़ा अद्भुत अनुभव है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद कैलाश क्षेत्र की भव्यता, मानसरोवर की प्राकृतिक सुंदरता और वहां का शांत वातावरण उन्हें गहराई से प्रभावित कर गया। उन्होंने इस यात्रा को अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।

पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने कहा कि कैलाश मानसरोवर की पवित्र यात्रा प्रत्येक श्रद्धालु के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखती है। डॉ. आशुतोष गुप्ता ने कठिन और चुनौतीपूर्ण यात्रा को सफलतापूर्वक पूर्ण कर नगर लौटकर अपने अनुभव सभी के साथ साझा किए, यह नगरवासियों के लिए प्रसन्नता और गौरव का विषय है।

इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, केशव अग्रवाल, श्याम मूर्ति शुक्ला, संजीव दीक्षित, गीता विश्वकर्मा, रविंद्र कटियार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button