पीएनबी करेंसी चेस्ट में नकली नोट मिलने से हड़कंप, करीब 7.40 करोड़ के गबन का आरोप….

पीएनबी करेंसी चेस्ट में नकली नोट मिलने से हड़कंप, करीब 7.40 करोड़ के गबन का आरोप….
डीआईजी ने डीएम और एसएसपी के साथ किया निरीक्षण, नामजद मुकदमा दर्ज; एसआईटी गठित कर जांच शुरू…
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जनपद सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करेंसी चेस्ट में नकली नोट पाए जाने और वास्तविक नोटों की कमी की शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी सहारनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ मौके पर पहुंचकर करेंसी चेस्ट का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मामले में प्रथम दृष्टया संलिप्त पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। प्रकरण की गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बैंक अधिकारियों की ओर से करेंसी की गिनती और उपलब्ध धनराशि का मिलान कराया जा रहा है। प्रारंभिक एफआईआर के अनुसार करीब 7 करोड़ 40 लाख रुपये के गबन की बात सामने आई है। हालांकि, गबन की अंतिम धनराशि बैंक द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले आधिकारिक आंकड़ों और करेंसी के मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कथित गबन की धनराशि की बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।मामले को लेकर डीआईजी सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह ने भी जानकारी देते हुए बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर एसआईटी के माध्यम से जांच कराई जा रही है तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी और धनराशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।



