ऑपरेशन सवेरा’: मंडी पुलिस ने 300 ग्राम चरस के साथ शातिर नशा तस्कर को किया गिरफ्तार

ऑपरेशन सवेरा’: मंडी पुलिस ने 300 ग्राम चरस के साथ शातिर नशा तस्कर को किया गिरफ्तार
विशेष रिपोर्ट – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत मंडी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को 300 ग्राम अवैध चरस के साथ धर दबोचा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर के निर्देशन, एसपी सिटी व क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण और मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सोमवार (31 अगस्त 2026) को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बाबालालदास रोड स्थित कब्रिस्तान के पास से अभियुक्त सुहैल उर्फ मुन्ना (निवासी हुसैनबस्ती, बेहट रोड, थाना मंडी) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से 300 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना मंडी में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी मंडी थाने से मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमों में नामजद रह चुका है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नशे के इस काले कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स (खरीद-बिक्री के नेटवर्क) की गहनता से जांच की जा रही है। अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



