#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

कागजी हाजिरी पर डीएम की सख्ती, ऑनलाइन अटेंडेंस के बाद ही मिलेगा वेतन

कागजी हाजिरी पर डीएम की सख्ती, ऑनलाइन अटेंडेंस के बाद ही मिलेगा वेतन

पीडब्ल्यूडी कार्यालयों में औचक निरीक्षण, फील्ड स्टाफ के लिए भ्रमण पंजिका भी अनिवार्य

ब्यूरो रिपोर्टर  तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 25 अगस्त। सरकारी कार्यालयों में अब सिर्फ उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर हाजिरी लगाने से काम नहीं चलेगा। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज होने के बाद ही वेतन आहरण की कार्रवाई होगी।

मंगलवार को डीएम ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड, निर्माण खंड-एक और निर्माण खंड-तीन कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका में दर्ज हस्ताक्षरों का मौके पर कर्मचारियों की मौजूदगी से मिलान किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि फील्ड में जाने वाले अधिकारी-कर्मचारी पहले कार्यालय में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करेंगे इसके बाद भ्रमण पंजिका में पूरा विवरण दर्ज कर ही रवाना होंगे। किसी प्लांट या अन्य स्थल के निरीक्षण पर जाने की जानकारी एक दिन पहले भ्रमण पंजिका में दर्ज कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना कार्यालय आए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की जा सकेगी। सभी विभाग अपने कार्मिकों का आवश्यक डाटा जिला सूचना विज्ञान केंद्र के माध्यम से फीड कराकर ऑनलाइन अटेंडेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

डीएम ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और अनुशासन प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता तरूणेन्द्र त्रिपाठी, अनिल कुमार यादव, केके झा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। खास बात यह है कि डीएम अंजनी कुमार सिंह स्वयं भी कलेक्ट्रेट में आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करते हैं।

Related Articles

Back to top button