रसोइयों के सम्मान में योगी सरकार की चार बड़ी सौगातें, मानदेय बढ़कर हुआ ₹3 हजार

रसोइयों के सम्मान में योगी सरकार की चार बड़ी सौगातें, मानदेय बढ़कर हुआ ₹3 हजार
दो लाख का दुर्घटना बीमा और परिवार समेत पांच लाख तक कैशलेस इलाज का लाभ
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 23 अगस्त। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के सम्मान में प्रदेश सरकार ने चार बड़ी सौगातों की घोषणा की है। अब रसोइयों का मानदेय दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, रसोइया एवं परिवार के सदस्यों के लिए सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार तथा वस्त्र भत्ते में दोगुनी बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार और बीएसए प्रवीण तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम और सीडीओ ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि रसोइयां केवल बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का कार्य नहीं करतीं, बल्कि पौष्टिक भोजन के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। स्वस्थ बच्चे बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकेंगे और आगे चलकर देश के विकास में योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि आज जिन छह से 14 वर्ष के बच्चों की रसोइयां देखभाल कर रही हैं, वही आगे चलकर देश और प्रदेश की जिम्मेदारी संभालेंगे। रसोइयां विकसित भारत के संकल्प की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के साथ अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने की अपील की।
सीमा सिंह को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
लखीमपुर खीरी की रसोइया सीमा सिंह को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री से सम्मान प्राप्त कर सीमा सिंह ने जिले का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम में रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए उनके सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई।



