कच्ची शराब पीने से युवक की मौत, शव शराब विक्रेता के घर के सामने रखकर हंगामा

कच्ची शराब पीने से युवक की मौत, शव शराब विक्रेता के घर के सामने रखकर हंगामा
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
पलिया-खीरी। पलिया क्षेत्र के ग्राम बोझवा में मंगलवार को कच्ची शराब पीने के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को कथित कच्ची शराब विक्रेता राजेश पुत्र छोटेलाल के घर के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण शराब विक्रेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
बताया गया कि बोझवा निवासी लाले पुत्र रामचरन कथित रूप से राजेश के यहां से कच्ची शराब लाकर उसका सेवन करता था। मंगलवार को उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव लेकर कथित शराब विक्रेता के घर के सामने पहुंच गए, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस पर कच्ची शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। कुछ ग्रामीणों ने सुविधा शुल्क लेकर अवैध शराब बिक्री कराए जाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना पर पलिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते हुए मामले में जांच और कथित शराब विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने लोगों से शांत रहने की अपील की।
समाचार लिखे जाने तक शव कथित शराब विक्रेता के घर के सामने रखा हुआ था और पुलिस बल मौके पर मौजूद था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के कारोबार से कथित विक्रेता ने काफी संपत्ति अर्जित की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



