#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

औचक निरीक्षण में डीएम अंजनी कुमार सिंह बने ‘केमिस्ट्री के सर’, बच्चों के बीच बैठकर पूछे सवाल

औचक निरीक्षण में डीएम अंजनी कुमार सिंह बने ‘केमिस्ट्री के सर’, बच्चों के बीच बैठकर पूछे सवाल

ऑक्सीकरण संख्या से क्वांटम नंबर तक परखी समझ, बोले—रटने से नहीं, कॉन्सेप्ट क्लियर होने से मिलेगी सफलता


ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 18 अगस्त। जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय छाउछ में मंगलवार को औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह का अंदाज उस समय शिक्षक जैसा नजर आया, जब वह कक्षा 12 में बच्चों के बीच बैठ गए। कक्षा में रसायन विज्ञान की पढ़ाई चल रही थी। डीएम ने पहले शिक्षक तेजेश्वर नाथ की पूरी कक्षा सुनी और फिर विद्यार्थियों से रसायन विज्ञान से जुड़े सवाल पूछकर उनकी विषयगत समझ परखी।

कक्षा में शिक्षक तेजेश्वर नाथ विद्यार्थियों को उपसहसंयोजन यौगिक पढ़ा रहे थे। ऑक्सीकरण संख्या निकालने और आईयूपीएसी नियमों के आधार पर रासायनिक सूत्र लिखने की विधि समझाई जा रही थी। डीएम ने बच्चों के बीच बैठकर पढ़ाई को समझा और इसके बाद स्वयं सवाल पूछने शुरू कर दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से ऑक्सीकरण संख्या निकालने, अपचायक और अभिकर्मक की परिभाषा, ऑक्सीजन की परमाणु संरचना, क्वांटम नंबर के प्रकार तथा कोष और कक्षक के बीच अंतर से संबंधित प्रश्न किए। सवाल-जवाब के दौरान डीएम ने बच्चों की समझ को परखा और जहां आवश्यक हुआ, वहीं अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया।

डीएम ने विद्यार्थियों को समझाया कि परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के लिए केवल उत्तरों को रटना पर्याप्त नहीं है। विषय के मूल सिद्धांत और कॉन्सेप्ट पूरी तरह स्पष्ट होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेसिक्स मजबूत होंगे तो कठिन से कठिन सवालों को हल करना भी आसान हो जाएगा।

औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय में स्टाफ एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने इस वर्ष के परीक्षा परिणाम के संबंध में जानकारी प्राप्त की और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मध्यांतर के दौरान उन्होंने शिक्षकों से पठन-पाठन व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।

डीएम ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, विषयों के मूल सिद्धांतों को समझने और अपने बेसिक्स मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button