#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

सावन मेले में प्रसाद व खाद्य पदार्थों की दुकानों पर दुकानदार का नाम-पहचान स्पष्ट कराने की मांग

सावन मेले में प्रसाद व खाद्य पदार्थों की दुकानों पर दुकानदार का नाम-पहचान स्पष्ट कराने की मांग

भारतीय बजरंग दल ने एसडीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र तहसीलदार को सौंपा

ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला

गोला गोकर्णनाथ,खीरी। छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय बजरंग दल ने प्रसाद एवं खाद्य पदार्थों की दुकानों पर दुकानदार का नाम और प्रतिष्ठान की पहचान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की है।

भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने 14 अगस्त 2026 को उपजिलाधिकारी गोला गोकर्णनाथ को संबोधित प्रार्थना पत्र तहसीलदार गोला को सौंपा। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि सावन मेले के दौरान गोला नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों का आवागमन हो रहा है। ऐसे में प्रसाद की दुकानों तथा खाने-पीने के होटलों पर दुकानदार का नाम एवं प्रतिष्ठान की पहचान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाना आवश्यक है।

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि नगर में कुछ दुकानों पर बिना स्पष्ट नाम अथवा पहचान प्रदर्शित किए खाद्य पदार्थ एवं प्रसाद की बिक्री की जा रही है। उदाहरण के रूप में मोहम्मदी रोड पर हेल्पलाइन के सामने तथा अलीगंज रोड पर बाबा ढाबल के नाम से संचालित दुकान सहित नगर में कई अन्य स्थानों का उल्लेख किया गया है।

भारतीय बजरंग दल की ओर से कहा गया है कि इस संबंध में संगठन की टीम द्वारा खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रार्थना पत्र में खीरी पुलिस अधीक्षक से भी अनुरोध किया गया है कि छोटी काशी गोला नगर में सावन मेले के दौरान रविवार एवं सोमवार को विकास चौराहे पर भारी भीड़ और आवागमन को देखते हुए पुलिस जवानों की संख्या बढ़ाई जाए तथा आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

संगठन ने प्रशासन से सावन मेले की संवेदनशीलता एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को नगर में संचालित प्रसाद एवं खाद्य पदार्थों की दुकानों का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक दुकानदार को अपने नाम एवं प्रतिष्ठान की स्पष्ट पहचान प्रदर्शित करने के निर्देश देने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

प्रार्थना पत्र पर भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।

Related Articles

Back to top button