#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपीलीभीतब्रेकिंग न्यूज़

लाखों की लागत से बनी पानी की टंकी बनी शोपीस, कनेक्शन नहीं, सड़कें खुदीं पड़ीं – मंड़रा सुमन के ग्रामीण परेशान

लाखों की लागत से बनी पानी की टंकी बनी शोपीस, कनेक्शन नहीं, सड़कें खुदीं पड़ीं – मंड़रा सुमन के ग्रामीण परेशान

पीलीभीत / बीसलपुर। सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना जमीन पर दम तोड़ती नजर आ रही है। बीसलपुर तहसील के मंड़रा सुमन गांव में लाखों रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी ग्रामीणों के लिए सिर्फ एक शोपीस बनकर रह गई है।

टंकी और पाइपलाइन का काम पूरा होने के बावजूद गांव के कई घरों में आज तक पानी के कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। वहीं जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज और अधूरे कनेक्शन की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं।

ठेकेदार सड़कें खोदकर चला गया, बारिश में कीचड़ से बुरा हाल

ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए ठेकेदार ने गांव की कई सड़कों को खोद दिया था। काम खत्म होने के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश के मौसम में ये खुदी हुई सड़कें गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई हैं, जिससे आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक जमीन के अंदर बिछाई गई पाइपलाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। सप्लाई शुरू होते ही लीकेज के कारण सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे गांव में गंदगी और जलभराव की स्थिति बन रही है।

ग्राम प्रधान ने क्या कहा?
ग्राम प्रधान सुनील गंगवार ने बताया कि ग्राम पंचायत में पानी की पाइपलाइन में कई जगह लीकेज है। कई स्थानों पर अभी तक पानी के कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही के चलते ग्रामीणों को पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी घरों में जल्द से जल्द पानी के कनेक्शन दिए जाएं और पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तुरंत मरम्मत कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद उन्हें पानी की टंकी का लाभ नहीं मिल रहा, जिससे यह योजना केवल दिखावा बनकर रह गई है।

Related Articles

Back to top button