#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपीलीभीतब्रेकिंग न्यूज़

पीलीभीत में तेंदुए की दहशत, रसूलापुर गांव में बछड़े का किया शिकार

पीलीभीत में तेंदुए की दहशत, रसूलापुर गांव में बछड़े का किया शिकार

पीलीभीत। सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बुधवार को जगतपुर गांव के किनारे तेंदुआ दिखाई देने के बाद देर रात रसूलापुर गांव में उसके पहुंचने की बात सामने आई। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए ने एक बछड़े का शिकार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को जगतपुर गांव के किनारे खेतों की ओर जाने वाले रास्ते के पास ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा था। इसके बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया और लोग खेतों की ओर जाने से भी डरने लगे।

इसी बीच बुधवार देर रात तेंदुआ रसूलापुर गांव में पहुंच गया। रसूलापुर निवासी राजकुमार सिंह के पालतू पशु के घर के बाहर बंधे बछड़े पर तेंदुए ने हमला कर दिया और उसे अपना शिकार बना लिया। पशुओं की हलचल और घटना की जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे। शोर-शराबा होने पर तेंदुआ वहां से जंगल की ओर चला गया।

ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

लगातार दो स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी सामने आने से ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ आबादी के आसपास घूम रहा है और उसकी मौजूदगी लगातार दिखाई दे रही है। ऐसे में खेतों में काम करने वाले किसानों के साथ-साथ गांव में रहने वाले लोगों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बुधवार को जगतपुर गांव के किनारे दिखाई दिया तेंदुआ ही देर रात रसूलापुर पहुंचा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

वन विभाग से कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में वन विभाग की टीम की गश्त बढ़ाई जाए, तेंदुए की निगरानी के लिए कैमरे लगाए जाएं और उसे पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि तेंदुए को जल्द नहीं पकड़ा गया तो किसी बड़ी घटना की आशंका बनी रहेगी। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button