श्रद्धालुओं की सेहत का सुरक्षा कवच तैयार, स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने छोटी काशी पहुंचे सीएमओ

श्रद्धालुओं की सेहत का सुरक्षा कवच तैयार, स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने छोटी काशी पहुंचे सीएमओ
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। गोला गोकर्णनाथ छोटी काशी में आयोजित प्रसिद्ध सावन मेला एवं कांवड़ यात्रा को लेकर स्sवास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने सावन के प्रथम सोमवार को गोला गोकर्णनाथ पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सावन मेला के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने शिव मंदिर परिसर, रिलायंस पेट्रोल पंप चेक पोस्ट तथा कंजा मंदिर/आश्रम पर स्थापित स्वास्थ्य शिविरों का जायजा लिया। सभी शिविरों में रोस्टर के अनुसार चिकित्सक, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। श्रद्धालुओं के उपचार के लिए जीवनरक्षक दवाएं, ओआरएस पैकेट, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा आवश्यक चिकित्सीय उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाए गए।
सीएमओ ने मेले में तैनात 108 एम्बुलेंस सेवाओं का भी निरीक्षण किया और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नीलकंठ मैदान, रिलायंस पेट्रोल पंप तथा कंजा चौक सहित प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे एम्बुलेंस एवं चिकित्सीय दल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान डॉ. संतोष गुप्ता ने सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सावन मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



