बारिश के बीच पालिकाध्यक्ष ने नगर में जलभराव का लिया जायजा

बारिश के बीच पालिकाध्यक्ष ने नगर में जलभराव का लिया जायजा
जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, जर्जर भवनों में रह रहे परिवारों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिषद के पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा एवं पालिका कर्मचारियों के साथ नगर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग के माध्यम से जल निकासी, नालियों की स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पालिका कर्मचारियों को जल निकासी व्यवस्था लगातार सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए विद्युत विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पालिकाध्यक्ष ने जर्जर एवं कमजोर भवनों में रह रहे परिवारों से मुलाकात कर बारिश के दौरान घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर नगर पालिका के रैन बसेरे में ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध है।
पालिकाध्यक्ष ने नगरवासियों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों और विद्युत खंभों के आसपास विशेष सावधानी बरतने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका की टीमें लगातार सक्रिय हैं और जल निकासी समेत आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। नगरवासियों से प्रशासन एवं पालिका का सहयोग करने और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।



