#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

थारू अंचल में गूंजा संस्कार और संस्कृति का संदेश, डीएम बोले- यही बच्चे गढ़ेंगे देश का भविष्य

थारू अंचल में गूंजा संस्कार और संस्कृति का संदेश, डीएम बोले- यही बच्चे गढ़ेंगे देश का भविष्य

मोबाइल की आभासी दुनिया से बाहर निकल लक्ष्य पर साधें नजर, संस्कृति की जड़ों से जुड़कर ही मिलेगी नई उड़ान

ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 25 सितंबर। तराई के थारू अंचल में शुक्रवार को बच्चों की प्रतिभा, संस्कार और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। चंदन चौकी स्थित प्रताप नारायण मिश्र स्मारक सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में थारू जनजाति के बीच युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि संस्कार, भाषा और संस्कृति केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। अपनी जड़ों से जुड़े रहकर ही युवा देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने शिक्षाविद नीरज सिंह एवं प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां दीं। थारू अंचल की पारंपरिक संस्कृति और विद्यार्थियों की प्रतिभा ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया सम्मानित

प्रांत स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिलाधिकारी ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को कंबल भी वितरित किए गए। डीएम ने विद्यार्थियों के अनुशासन, संस्कार और सांस्कृतिक जुड़ाव की सराहना करते हुए कहा कि सुदूर क्षेत्र में रहकर भी बच्चों का अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए रखना सराहनीय है।

मोबाइल की चमक नहीं, लक्ष्य की रोशनी जरूरी

युवा संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थी आभासी दुनिया में समय गंवाने के बजाय पढ़ाई, लक्ष्य और आत्मविकास पर ध्यान दें। लक्ष्य स्पष्ट होगा तो मेहनत भी सही दिशा में होगी और सफलता की राह आसान होगी।

जड़ों से जुड़े रहकर आगे बढ़ने का संदेश

डीएम ने विद्यार्थियों से मेहनत, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग जरूर करें, लेकिन उसके गुलाम न बनें। अपनी भाषा, संस्कृति और संस्कारों पर गर्व करते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

कार्यक्रम में प्रबंध समिति के अध्यक्ष फूलचंद राणा, प्रबंधक सलिल अग्रवाल, प्रधानाचार्य बलदेव श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button